Jun 21, 2026

जनपद में 12वां अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह एवं भव्यता के साथ हुआ सम्पन्न



पुलिस लाइन गोण्डा में आयोजित हुआ मुख्य जनपदीय योग कार्यक्रम


जनपद मुख्यालय से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक आयोजित हुआ भव्य योग दिवस का कार्यक्रम


गोण्डा - जनपद में 12वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद गोण्डा में विभिन्न स्थानों तहसील मुख्यालय, ब्लॉक मुख्यालय तथा सभी ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य जनपदीय कार्यक्रम पुलिस लाइन गोण्डा में आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता मुख्य अतिथि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री राजेश वर्मा ने की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों एवं आमजन की सहभागिता से मास्टर योग ट्रेनर अंजनी कुमार दुबे द्वारा योगाभ्यास कराया गया।

इस अवसर पर विधायक सदर गोण्डा प्रतीक भूषण सिंह, विधायक मेहनौन विनय कुमार द्विवेदी, पुलिस उपमहानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र अशोक शुक्ला, जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल, मुख्य विकास अधिकारी  दयानन्द प्रसाद, सांसद गोण्डा एवं केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री प्रतिनिधि रमाशंकर मिश्र तथा भाजपा जिला अध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी, एससीपीएम कालेज आफ आयुर्वेद एवं नर्सिंग हारीपुर डॉक्टर ओएन पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के बड़ी संख्या में अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने कार्यक्रम में आए हुए सभी मुख्य अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों को "स्वयं सहायता समूह अरगा" द्वारा तैयार किए गए बैग एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का
स्वागत स्वरूप कप प्रदान किया।


योग से स्वस्थ जीवन का दिया गया संदेश

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं अधिकारियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर योग के महत्व को रेखांकित किया। वक्ताओं ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को तनावमुक्त रखने के साथ-साथ जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। सभी उपस्थित लोगों को प्रतिदिन योग अपनाने एवं स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।

करनैलगंज में भी आयोजित हुआ भव्य योग कार्यक्रम

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर करनैलगंज स्थित सिंचाई डाक बंगला में भी विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी श्रीमती कंचन वर्मा ने की। इस अवसर पर विधायक करनैलगंज अजय सिंह, उपजिलाधिकारी करनैलगंज सुश्री नेहा मिश्रा, भाजपा प्रतिनिधि आशीष त्रिपाठी सहित अनेक अधिकारीगण एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

तहसील, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर तक दिखा योग का उत्साह

जनपद प्रशासन द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन केवल जनपद मुख्यालय तक सीमित न रहकर तहसील मुख्यालयों, ब्लॉक मुख्यालयों तथा ग्राम पंचायत स्तर तक व्यापक रूप से किया गया। विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में नागरिकों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता कर योगाभ्यास किया। कार्यक्रमों में लोगों ने पूरे उत्साह, अनुशासन एवं उमंग के साथ भाग लिया।
जिला कारागार में जेल अधीक्षक की अध्यक्षता में सभी अधिकारियों एवं बंदियों के द्वारा योगाभ्यास का कार्यक्रम किया गया। इसके साथ ही आबकारी अधिकारी की अध्यक्षता में आबकारी विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने योगाभ्यास किया।

जनपदवासियों ने दिया योगमय भारत का संदेश

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों ने जनपद गोण्डा में स्वास्थ्य, जागरूकता एवं सामूहिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। जनपदवासियों ने योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया तथा “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” की भावना को सशक्त बनाने में अपना योगदान दिया। योग दिवस के सफल आयोजन के माध्यम से जनपद गोण्डा ने स्वस्थ, सशक्त एवं जागरूक समाज के निर्माण का संदेश दिया।

No comments: