“माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद” में महिलाओं की समस्याओं पर आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल सख्त, त्वरित कार्रवाई के निर्देश
“माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद” में महिलाओं को मिला न्याय का भरोसा, आयुक्त ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
गोण्डा - आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की अध्यक्षता में मण्डलायुक्त कार्यालय में आयोजित “माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद” महिला विशेष जनसुनवाई कार्यक्रम में महिलाओं ने अपनी विभिन्न समस्याएं एवं शिकायतें अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम के दौरान भूमि विवाद, अवैध कब्जा, रास्ता अवरुद्ध किए जाने, मारपीट, उत्पीड़न एवं पुलिस द्वारा समय से कार्यवाही न किए जाने से संबंधित 27 प्रकरण प्रमुख रूप से सामने आए। सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार जांच कर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में ग्राम चौरी, थाना कोतवाली करनैलगंज निवासी अन्नपूर्णा पत्नी हनुमन्त लाल गुप्ता ने नाली विवाद को लेकर मारपीट किए जाने तथा पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई न किए जाने की शिकायत प्रस्तुत की। प्रार्थिनी ने बताया कि विपक्षियों द्वारा नाली बंद कर दी गई, विरोध करने पर लाठी से हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया, जिससे उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। मामले में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिम को जांच कर वैधानिक कार्रवाई करते हुए पांच दिवस में आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में थाना खोड़ारे क्षेत्र की जुगुना पत्नी स्व. रामलाल ने फर्जी बैनामा एवं भूमि कब्जेदारी की शिकायत दर्ज कराई। प्रार्थिनी ने आरोप लगाया कि विपक्षियों ने कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से जमीन का फर्जी बैनामा कर कब्जा कर लिया तथा विरोध करने पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए धमकी दी। मामले में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गोण्डा को जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम ठाकुर पुरवा, मौजा पिपरा पदुम निवासी रीचा सिंह पत्नी अजय सिंह ने लगभग 50 वर्षों पुराने रास्ते को बंद किए जाने की शिकायत की। प्रार्थिनी ने बताया कि विपक्षियों द्वारा रास्ते पर दीवार खड़ी कर दी गई तथा विरोध करने पर गाली-गलौज एवं धमकी दी जा रही है। मामले में उपजिलाधिकारी सदर को जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
वहीं ग्राम पपरहवा, मौजा लोहराडांड़, तहसील तरबगंज निवासी लक्ष्मी पत्नी राम बहादुर ने भी वर्षों पुराने आवागमन मार्ग को जोतकर बंद किए जाने की शिकायत प्रस्तुत की। प्रार्थिनी ने बताया कि उनका एकमात्र रास्ता अवरुद्ध हो गया है, जिससे आवागमन में गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही है। मामले में संबंधित एसडीएम तरबगंज एवं बीडीओ वजीरगंज को जांच कर रास्ता खुलवाने तथा आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
नगर पंचायत कटरा बाजार निवासी नीलम जायसवाल पत्नी संतोष कुमार ने परिवार की संपत्ति पर अवैध कब्जे के प्रयास, उत्पीड़न एवं जानमाल की धमकी दिए जाने की शिकायत दर्ज कराई। प्रार्थिनी ने बताया कि उनके बीमार पति के उपचार में भी बाधा उत्पन्न की जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक गोण्डा को जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक प्रकरण में पांच दिवस के भीतर आख्या अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाए।
No comments:
Post a Comment