May 28, 2026

करनैलगंज व बरगदी मोड़ पर वाहनों की चेकिंग, कई वाहनों के खिलाफ हुई कार्रवाई


गोण्डा - सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा पुलिस क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज के सहयोग से करनैलगंज चौराहा एवं बरगदी मोड़ चौराहा पर संयुक्त प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना वैध परमिट संचालित वाहनों, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों तथा ओवरलोडिंग एवं अन्य अनियमितताओं में लिप्त वाहनों के विरुद्ध सघन जांच कर प्रभावी कार्रवाई की गई।

इस संयुक्त अभियान का नेतृत्व परिवहन विभाग के अधिकारियों एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज द्वारा किया गया। अभियान के दौरान वाहनों के दस्तावेजों की जांच की गई, जिसमें परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों का सत्यापन किया गया। जांच के दौरान कई वाहन बिना वैध परमिट संचालित पाए गए, जिनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत चालान एवं अन्य विधिक कार्रवाई की गई।

इसके अतिरिक्त, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट एवं निर्धारित गति सीमा का पालन करने हेतु जागरूक भी किया गया। अधिकारियों द्वारा स्पष्ट रूप से बताया गया कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है तथा नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

परिवहन विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे अपने वाहनों के समस्त अभिलेख अद्यतन रखें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं। विभाग द्वारा यह भी कहा गया कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ऐसे संयुक्त अभियान आगे भी निरंतर चलाए जाते रहेंगे।

एआरटीओ (प्रशासन) आर.सी. भारतीय ने बताया है कि जिला प्रशासन एवं परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ी है तथा वाहन चालकों में नियमों के पालन के प्रति सकारात्मक संदेश गया है।

No comments: