Apr 12, 2026

लापता छात्र को मुंबई में आरपीएफ ने चर्च गेट स्टेशन से सकुशल किया बरामद


गोण्डा- जिले के थाना कटरा बाजार क्षेत्र से लापता हुए छात्र अयान खान को मुंबई से सकुशल बरामद कर लिया गया है। चर्च गेट रेलवे स्टेशन पर अकेले घूमते हुए मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने उसे सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और पूछताछ के बाद परिजनों को सूचना दी। बच्चे के सकुशल मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अयान खान पुत्र अशफाक खान निवासी कटरा बाजार 10 अप्रैल की सुबह कश्मियां मेमोरियल स्कूल जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन स्कूल नहीं पहुंचा। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, मगर कहीं पता नहीं चल सका। इसके बाद परिवार ने थाना कटरा बाजार में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने छात्र की खोजबीन शुरू कर दी थी। क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला था। इस खबर को आपकी आवाज यूपी 1 ट्विटर हैंडल व अन्य न्यूज चैनलों के द्वारा प्रमुखता से प्रसारित कर उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाया गया था। इसी बीच 11 अप्रैल की देर शाम अयान के पिता अशफाक खान को मुंबई से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को आरपीएफ इंस्पेक्टर बताया और जानकारी दी कि उनका बेटा चर्च गेट स्टेशन पर मिला है। पूछताछ में छात्र ने बताया कि वह घर से निकलकर मुंबई पहुंच गया था। आरपीएफ ने बच्चे को सुरक्षित रखते हुए परिजनों से संपर्क किया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद अयान को मुंबई में मौजूद उसके रिश्तेदारों को सौंप दिया। अयान के सकुशल मिलने की खबर से परिवार में खुशी का माहौल है। परिजनों ने आरपीएफ, पुलिस प्रशासन तथा सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया है।

No comments: