Apr 12, 2026

कर्नलगंज-कटरा रोड पर जानलेवा गड्ढा बना हादसे का कारण, शिकायतों के बाद भी नहीं हुई मरम्मत


गोण्डा- कर्नलगंज तहसील क्षेत्र के अन्तर्गत कर्नलगंज-कटरा रोड स्थित शहीद मर्द मजार के पास रेलवे क्रॉसिंग पार करते ही सड़क पर बना खतरनाक गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए मुसीबत बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर लगभग 5 फीट चौड़ा और करीब 2 फीट गहरा गड्ढा कई दिनों से जस का तस पड़ा है, लेकिन शिकायतों और आश्वासनों के बावजूद अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई।
बताया जा रहा है कि 25 मार्च, 26 मार्च और 28 मार्च को संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा शीघ्र मरम्मत का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आज तक कार्य शुरू नहीं कराया गया। इससे लोगों में रोष व्याप्त है।
इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में राहगीर, स्कूली बच्चे, बाइक सवार, ई-रिक्शा चालक और अन्य वाहन गुजरते हैं। गड्ढा सड़क के बीचों बीच होने के कारण हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार वाहन चालक अचानक गड्ढा बचाने के प्रयास में संतुलन खो देते हैं,जिससे बड़ा हादसा हो सकता है। क्षेत्रवासियों और राहगीरों ने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारी मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं और जानबूझकर अनदेखी की जा रही है। लोगों का कहना है कि प्रशासन शायद किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि किसी अनहोनी से पहले तत्काल सड़क की स्थायी मरम्मत कराई जाए तथा लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन कब जागता है और जनता को इस जानलेवा खतरे से राहत मिलती है।

No comments: