बीआरसी गजाधरपुर से स्कूल चलो अभियान की भव्य रैली
शत प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने पर जोर
सीडीओ मुकेश चंद्र व बीएसए आशीष सिंह ने हरी झंडी दिखाई
फखरपुर, बहराइच। शैक्षिक सत्र 2026-27 के प्रथम चरण में सोमवार को बीईओ राकेश कुमार के नेतृत्व में ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) गजाधरपुर से 'स्कूल चलो अभियान' की रैली निकाली गई। मुख्य अतिथि सीडीओ मुकेश चंद्र, विशिष्ट अतिथि बीएसए आशीष सिंह व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रणवीर सिंह मुन्ना भैया ने हरी झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ किया।
सीडीओ ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर देते हुए अभिभावकों से अपील की, जबकि बीएसए आशीष सिंह ने बच्चों को पुस्तकें वितरित कीं। बीएसए ने बताया कि रैली का मुख्य उद्देश्य शत प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना है। अभिभावकों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने के साथ सरकार की सुविधाओं जैसे निःशुल्क भोजन, किताबें व डीबीटी के माध्यम से 1200 रुपये से यूनिफॉर्म, बैग, जूता-मोजा व स्टेशनरी उपलब्ध कराई जा रही है।बीईओ राकेश कुमार ने कहा, "शिक्षा ही उन्नति की नींव है। शिक्षित समाज से ही देश का विकास संभव है।" रैली में 'आधी रोटी खायेंगे-स्कूल पढ़ने जाएंगे', 'एक भी बच्चा छूटा-संकल्प हमारा टूटा' जैसे नारे गूंजे। रैली बीआरसी से प्रारंभ होकर फखरपुर बाजार, मुसेगोदम पट्टी, हरिहरपुर चौराहा, कोदही, सेमगढ़ा चौराहा, जैतापुर बाजार होते हुए उच्च प्राथमिक विद्यालय जैतापुर पहुंची। यहां सभी ने जलपान किया और पारले चीनी मिल होते हुए बीआरसी लौटकर समाप्त हुई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, बच्चे व अभिभावक उपस्थित रहे।



No comments:
Post a Comment