गोण्डा - शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन, गोण्डा के परेड ग्राउण्ड में 497 रिक्रूट आरक्षियों की पासिंग आउट परेड का ग्रैंड रिहर्सल पूर्ण गरिमा, अनुशासन एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल द्वारा परेड की सलामी ली गई तथा परेड का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया।
महोदय द्वारा परेड में प्रदर्शित अनुशासन एवं ड्रिल के उच्च स्तर पर संतोष व्यक्त करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। रिहर्सल के दौरान प्रशिक्षु आरक्षियों को शपथ दिलाई गई तथा इनडोर एवं आउटडोर विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा अपने प्रेरक उद्बोधन में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं जनसेवा के महत्व पर विशेष बल दिया गया तथा नवप्रशिक्षित आरक्षियों को अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया गया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा इण्डोर एवं आउटडोर प्रशिक्षकों के उत्कृष्ट कार्य एवं समर्पण की सराहना की गई। उनके कुशल मार्गदर्शन में रिक्रूट आरक्षियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु सतत प्रेरित करते हुए उच्च गुणवत्ता का प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिसके परिणामस्वरूप उनके अनुशासन, दक्षता एवं पेशेवर कौशल में उल्लेखनीय निखार परिलक्षित हुआ।
दिनांक 26 अप्रैल 2026 (रविवार) को प्रातः 08:00 बजे रिजर्व पुलिस लाइन, गोण्डा के परेड ग्राउण्ड में रिक्रूट आरक्षियों का दीक्षान्त/पासिंग आउट परेड समारोह पूर्ण गरिमा एवं भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में *मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस महानिरीक्षक, देवीपाटन परिक्षेत्र, गोण्डा श्री अमित पाठक द्वारा परेड की सलामी ग्रहण* की जाएगी तथा परेड का निरीक्षण किया जाएगा। इस अवसर पर रिक्रूट आरक्षियों द्वारा उत्कृष्ट ड्रिल एवं प्रशिक्षण कौशल का प्रदर्शन किया जाएगा, साथ ही इनडोर एवं आउटडोर प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आरक्षियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान शपथ ग्रहण, संबोधन एवं अन्य औपचारिकताएं सम्पन्न होंगी।
No comments:
Post a Comment