Mar 8, 2026

अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न






गोण्डा -  उ0प्र0 भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित अटल आवासीय विद्यालय, ग्राम सिसवा, तहसील मनकापुर, जनपद गोण्डा में शैक्षिक सत्र 2026-27 हेतु प्रवेश परीक्षा रविवार को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। यह प्रवेश परीक्षा देवीपाटन मंडल के जनपद गोण्डा, बहराइच, बलरामपुर एवं श्रावस्ती के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों, कोविड-19 के दौरान निराश्रित हुए बच्चों तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के पात्र बच्चों के लिए आयोजित की गई।

विद्यालय में कक्षा 6 में कुल 160 सीटें (80 बालक एवं 80 बालिकाएं) तथा कक्षा 9 में कुल 61 सीटें (31 बालक एवं 30 बालिकाएं) उपलब्ध हैं। प्रवेश के लिए ऑफलाइन एवं ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। आयोजित परीक्षा में कक्षा 6 के लिए कुल 499 आवेदकों में से 490 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में प्रतिभाग किया, जबकि 9 अनुपस्थित रहे। वहीं कक्षा 9 के लिए कुल 281 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।

जनपदवार आंकड़ों के अनुसार कक्षा 6 में गोण्डा से 288, बहराइच से 59, बलरामपुर से 70 तथा श्रावस्ती से 73 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। वहीं कक्षा 9 में गोण्डा से 140, बहराइच से 58, बलरामपुर से 41 तथा श्रावस्ती से 42 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।

परीक्षा के दौरान प्रतिभागियों के लिए सूक्ष्म जलपान, सुरक्षा तथा त्वरित चिकित्सीय सहायता की समुचित व्यवस्था प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की गई। नोडल अधिकारी आलोक कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गोण्डा के निर्देशन में परीक्षा कार्यक्रम सुगमता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया गया।

No comments: