प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के लाभार्थियों को मिला आवास स्वीकृति पत्र
गोण्डा - जनपद में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराने की दिशा में कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) गोण्डा में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान योजना के पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र का वितरण किया गया तथा बड़ी संख्या में लाभार्थियों को आवास निर्माण हेतु प्रथम किश्त की धनराशि भी उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर विधायक कटरा बाजार श्री बावन सिंह, जिलाधिकारी गोण्डा श्रीमती प्रियंका निरंजन, जिलाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी अकबाल बहादुर तिवारी, भाजपा महामंत्री राकेश कुमार तिवारी, आशीष त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा चयनित लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान कर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं तथा आवास निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि आज जनपद के कुल 1121 पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत प्रथम किश्त की धनराशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजी गई है। इससे लाभार्थियों को अपने पक्के आवास के निर्माण कार्य को प्रारंभ करने में सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर माननीय विधायक श्री बावन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराने की केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना है। इस योजना के माध्यम से हजारों परिवारों को सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने लाभार्थियों से आवास निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ समय से पूर्ण करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि लाभार्थियों को तकनीकी एवं अन्य आवश्यक सहयोग समय पर उपलब्ध कराया जाए, जिससे आवास निर्माण कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि प्रत्येक पात्र परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, उपजिलाधिकारी करनैलगंज/परियोजना अधिकारी डूडा सुश्री नेहा मिश्रा, अंशिका श्रीवास्तव, डीसी डूडा कुलभूषण मिश्र सहित अन्य सभी संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment