Feb 6, 2026

ब्लॉक स्तर पर सुरक्षा सैनिक व सुपरवाइजर भर्ती तिथियां तय, 9 फरवरी से 10 मार्च तक होंगे कैंप




जनपद में सुरक्षा सैनिक व सुपरवाइजर भर्ती, 9 फरवरी से ब्लॉक स्तर पर लगेंगे कैंप 

एसआईएस इंडिया के सहयोग से बेरोजगार युवाओं को रोजगार का अवसर, 10 मार्च तक चलेगी चयन प्रक्रिया

ग्रामीण-शहरी युवाओं के लिए सुनहरा मौका, सुरक्षा बलों में भर्ती हेतु तिथियां घोषित

गोण्डा  - जनपद में बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से सुरक्षा सैनिक एवं सुरक्षा सुपरवाइजर पदों पर भर्ती हेतु ब्लॉक स्तर पर भर्ती कैंप आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी कंपनी के भर्ती अधिकारी करुणाकर त्रिपाठी ने दी। उन्होंने बताया कि भारतीय सुरक्षा दक्षता परिषद के सौजन्य से एसआईएस इंडिया लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में जनपद के समस्त विकास खण्ड मुख्यालयों पर प्रातः 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक भर्ती शिविर लगाए जाएंगे।

भर्ती अधिकारी ने बताया कि एसआईएस इंडिया एक बहुराष्ट्रीय कंपनी है, जो भारत सहित विदेशों में भी सुरक्षा सेवाएं प्रदान कर रही है। यह कंपनी भारत सरकार की शीर्ष रोजगार प्रदाता कंपनियों में शामिल है। भर्ती शिविरों में ग्रामीण व शहरी शिक्षित बेरोजगार अभ्यर्थियों का चयन सुरक्षा सैनिक एवं सुरक्षा सुपरवाइजर पदों के लिए किया जाएगा।

सुरक्षा सैनिक पद हेतु अभ्यर्थी का 10वीं पास होना अनिवार्य है। आयु सीमा 19 से 40 वर्ष तथा न्यूनतम लंबाई 168 सेंटीमीटर निर्धारित है। वहीं सुरक्षा सुपरवाइजर पद के लिए 12वीं पास, आयु 21 से 40 वर्ष एवं न्यूनतम लंबाई 170 सेंटीमीटर होनी चाहिए। अभ्यर्थियों को दो पासपोर्ट साइज फोटो, 10वीं की मार्कशीट एवं आधार कार्ड की छायाप्रति के साथ उपस्थित होना होगा। चयनित अभ्यर्थियों को 350 रुपये शुल्क जमा करना होगा तथा प्रशिक्षण हेतु लखनऊ स्थित प्रशिक्षण केंद्र में रिपोर्ट करना होगा, जहां एनडीआरएफ के तहत सिविल डिफेंस का एक माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रशिक्षण उपरांत चयनित अभ्यर्थियों को सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में 65 वर्ष तक की स्थायी नियुक्ति मिलेगी। नौकरी के दौरान पीएफ, ग्रेच्युटी, ईएसआई, बीमा, पेंशन सहित अनेक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। दुर्घटना की स्थिति में परिवार को एक लाख से छह लाख रुपये तक की सहायता राशि दी जाएगी।
भर्ती प्रक्रिया 9 फरवरी से 10 मार्च 2026 तक निर्धारित है। जिला विकास अधिकारी ने सभी खण्ड विकास अधिकारियों को कैंप के सफल आयोजन हेतु आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए भर्ती अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।

No comments: