Oct 26, 2025

महिला ने पड़ोसी युवक पर लगाये उत्पीड़न के आरोप, पुलिस ने किया आरोपी को गिरफ्तार




 मंडलायुक्त के निर्देश पर तुरंत एक्शन — महिला उत्पीड़न मामले में आरोपी गिरफ्तार 

गोण्डा में विवाहिता से छेड़छाड़ करने वाला युवक पुलिस के शिकंजे में

गोण्डा  -  महिला उत्पीड़न का एक मामला प्रकाश में आने पर आयुक्त देवीपाटन के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ने तत्काल एफआईआर दर्ज करा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। दरअसल शहर में रहने वाली एक विवाहिता ने मंडलायुक्त देवीपाटन मंडल को प्रार्थना पत्र देकर घर के सामने रहने वाले युवक पर यौन उत्पीड़न, गाली-गलौज और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए थे। 
पीड़िता ने बताया कि आरोपी उनके घर के सामने रहता है और आए दिन उनका पीछा करता है, छेड़छाड़ करता है तथा अभद्र टिप्पणियां करता है। महिला के अनुसार, जब वह अपनी छत पर जाती है तो युवक भी अपनी छत पर जाकर अश्लील इशारे करता है। 
महिला ने बताया कि  कि कुछ दिन पहले जब वह अपने बच्चे को स्कूल छोड़ने गई थीं, तब आरोपी युवक रास्ते में मिला और मारपीट करने की धमकी दी। इसके बाद से वह अपने घर से बाहर निकलने में भय महसूस कर रही हैं और मानसिक रूप से अत्यंत उत्पीड़ित हैं।
पीड़िता ने मंडलायुक्त से अनुरोध किया कि युवक के खिलाफ शीघ्र कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि उसे न्याय मिल सके और वह सुरक्षित रह सके।
प्रार्थना पत्र का संज्ञान लेते हुए मंडलायुक्त ने तत्काल पुलिस अधीक्षक गोण्डा को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
निर्देश मिलते ही एसपी गोण्डा ने संबंधित थाने को मुकदमा दर्ज कराया जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार की “मिशन शक्ति” अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मंडलायुक्त ने यह भी चेतावनी दी कि महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

No comments: