गोण्डा - आगामी 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती को जिले में गरिमामय एवं अनुशासित रूप से मनाने के लिए जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इन निर्देशों में जहां एक ओर स्वच्छता, नैतिकता और राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों पर जोर दिया गया है, वहीं दूसरी ओर व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासनिक सख्ती भी दिखाई गई है।
जारी निर्देशों के अनुसार जनपद की सभी शिक्षण संस्थाओं—स्कूलों एवं कॉलेजों में गांधीवादी जीवन-दृष्टि पर आधारित कार्यक्रम अनिवार्य रूप से कराए जाएंगे। विद्यार्थियों के बीच वाद-विवाद प्रतियोगिता, निबंध लेखन, गायन एवं गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के जीवन के प्रेरक प्रसंग बच्चों को बताए जाएंगे। इन सभी शैक्षिक कार्यक्रमों के संयोजक जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी होंगे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि 2 अक्टूबर को जनपद की समस्त शराब की दुकानें पूर्णतः बंद रहेंगी। सभी सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों में प्रातः 8 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराना अनिवार्य होगा।
प्रत्येक खंड विकास अधिकारी को शासनादेश के अनुरूप अपने-अपने क्षेत्रों में स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण पर आधारित जन जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। जनसामान्य में “सादा जीवन-उच्च विचार”, “सर्वधर्म समभाव”, “मितव्ययिता” और “भाईचारा” जैसे मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी जाएगी। साथ ही “स्वच्छता ही सेवा” अभियान को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा।
प्रत्येक ग्राम पंचायत में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों का अनावरण ग्राम प्रधान द्वारा किया जाएगा तथा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी बहुउद्देशीय कर्मियों को दी गई है। इन कार्यक्रमों का संयोजन जिला पंचायतराज अधिकारी करेंगे, जबकि खंड विकास अधिकारी स्वयं इसकी निगरानी करेंगे एवं कार्यक्रमों का वीडियो ग्रुप में भेजेंगे।
नगर पालिका परिषद गोंडा के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिया गया है कि नगर क्षेत्र की सभी मलिन बस्तियों में प्राथमिकता के आधार पर सफाई, कूड़ा उठान, एंटी लार्वा छिड़काव एवं फॉगिंग सुनिश्चित कराई जाए। सभी 10 मलिन बस्तियों में सभासदों की टीम बनाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त जिला कारागार में पारंपरिक रूप से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री राम अचल आचार्य को एसडीएम करनैलगंज द्वारा उनके आवास पर जाकर सम्मानित किया जाएगा तथा इस अवसर की तस्वीरें एवं वीडियो उपलब्ध कराए जाएंगे।
एक प्रेरक सुझाव के रूप में यह भी कहा गया है कि माल्यार्पण एवं अन्य कार्यक्रमों के दौरान अधिकारी व कर्मचारी यथासंभव खादी वस्त्र धारण करें। सभी कार्यालयों में विशेष सफाई अभियान संचालित होगा और इस अवसर पर कर्मचारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य रहेगी, अन्यथा अनुपस्थित पाए जाने वालों पर कार्यवाही की जाएगी।
गांधी जयंती को स्वच्छता, अनुशासन और प्रेरणा का संदेश देने वाले इस व्यापक आयोजन से जिले में नई ऊर्जा और सकारात्मक वातावरण बनने की उम्मीद है।
No comments:
Post a Comment