अर्हता तिथि 01 नवंबर 2025 आधारित मतदेय स्थलों के चयन पर जनप्रतिनिधियों से होगा मंथन
गोण्डा - गोरखपुर -फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों के De-Novo पुनरीक्षण तथा मतदेय स्थलों के चयन के संबंध में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में 03 अक्टूबर 2025 को कलेक्ट्रेट सभागार, गोंडा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक दोपहर 12 बजे आरंभ होगी, जिसमें जनपद के सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों की उपस्थिति ससम्मान अपेक्षित की गई है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश द्वारा सभी संबंधित दलों को सूचित किया गया था कि 01 नवम्बर 2025 की अर्हता तिथि के आधार पर शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूचियों का De-Novo अर्थात पूर्ण रूप से नया पुनरीक्षण किया जाना है।
इसी क्रम में आयुक्त, गोरखपुर मण्डल एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा 18 सितम्बर 2025 को आयोजित गूगल मीट बैठक के दौरान यह निर्देश दिए गए कि जिला स्तर पर सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विमर्श कर पुनरीक्षण कार्यक्रम एवं मतदेय स्थलों के चयन की प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित की जाए। इसी के दृष्टिगत गोंडा में 03 अक्टूबर की बैठक बुलाई गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित समय पर बैठक में प्रतिभाग कर निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण की प्रक्रिया को सुचारू एवं विश्वसनीय बनाने में सहयोग प्रदान करें। बैठक में मतदेय स्थलों के निर्धारण, संभावित आपत्तियों के निस्तारण तथा पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सारिणी पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा।
निर्वाचन विभाग का उद्देश्य है कि आगामी शिक्षक निर्वाचन में कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और मतदान केंद्रों का चयन भौगोलिक एवं सुविधाजनक दृष्टिकोण से संतुलित तरीके से किया जाए। उम्मीद है कि इस बैठक में राजनीतिक दल अपने उपयोगी सुझाव प्रस्तुत कर निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सहभागिता आधारित बनाने में योगदान देंगे।
No comments:
Post a Comment