Aug 28, 2025

गोण्डा: पर्यटन, पंचायती राज व ऊर्जा विभाग की सुस्त प्रगति पर आयुक्त ने जताई नाराज़गी

मंडलीय समीक्षा बैठक में आयुक्त सख्त, धीमी रफ्तार वाले विभागों को लगाई फटकार



गोण्डा  - देवीपाटन मंडल के आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील ने गुरुवार को मंडल के सभी जिलों के जिलाधिकारी (डीएम) एवं मुख्य विकास अधिकारियों (सीडीओ) के साथ विकास कार्यों की मंडलीय समीक्षा बैठक की। बैठक में जुलाई माह में हुए विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति पर गहन चर्चा की गई।

     आयुक्त ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता वाले विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि जिन विभागों की कार्यप्रगति धीमी है, उन्हें सुधार के लिए तुरंत कदम उठाने होंगे। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से पर्यटन, पंचायती राज और ऊर्जा विभाग की सुस्त रफ्तार पर नाराजगी जताई।

 पर्यटन विभाग पर असंतोष जताते हुए आयुक्त ने उपनिदेशक पर्यटन को निर्देश दिए कि वे संबंधित संस्थाओं के साथ नियमित बैठक कर कार्यों की गति बढ़ाएं और सभी निर्माण कार्य समय से पूरे कराएं। वहीं, ऊर्जा विभाग की धीमी प्रगति पर आयुक्त ने जब सवाल उठाया तो मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने सफाई देते हुए कहा कि हाल ही में मंडल में बाढ़ की स्थिति बनने के कारण रैंकिंग प्रभावित हुई है, हालांकि अगले माह तक इसमें सुधार कर लिया जाएगा।

बैठक के दौरान आयुक्त ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के सापेक्ष महिला एवं बाल विकास, युवा कल्याण, लोक निर्माण विभाग, श्रम एवं सेवायोजन, प्राथमिक शिक्षा, पशुधन, मत्स्य, पिछड़ा वर्ग कल्याण, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, कृषि, ग्राम्य विकास, अतिरिक्त ऊर्जा, समाज कल्याण, सिंचाई एवं जल संसाधन समेत कई विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
 आयुक्त ने सभी मंडलीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास योजनाओं की गति तेज की जाए और सुनिश्चित किया जाए कि सरकारी योजनाओं का लाभ समय से जनता तक पहुंचे। उन्होंने विशेष रूप से कृषि विभाग को आदेश दिए कि किसानों को खाद की आपूर्ति समय से हो तथा खाद की कमी को लेकर फैल रही  झूठीअफवाहों से लोगों को जागरूक किया जाए।

  बैठक में आयुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि सभी जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी अपने-अपने जनपदों में विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करें और कार्यों की गति को धीमा न होने दें। उन्होंने कहा कि जनता को लाभान्वित करने में किसी प्रकार की बाधा अस्वीकार्य होगी।

No comments: