Nov 10, 2022

सुरक्षित रहने के लिए यातायात नियमों का करें पालन

बस्ती । में सड़क सुरक्षा माह के तहत बेगम खैर बालिका इण्टर कॉलेज बस्‍ती, डॉ. आरजीएस पब्लिक कान्वेंट इंटर कॉलेज बेलाडी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्र, छात्राओं को यातायात सुरक्षा सम्‍बन्‍धी जानकारी दी गई।    

           बेगम खैर में यातायात सुरक्षा सम्बन्धी नियम के विषय में बच्चों को जानकारी देते हुए एएसपी दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने कहा कि दुर्घटना में अधिकांश मौतें हेलमेट न लगाने वालों की होती है। इसलिए दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट को अवश्य लगाएं। चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करें, इससे आप एवं आपका परिवार सुरक्षित रहेगा।  

यातायात प्रभारी कामेश्वर सिंह, महिला थाना प्रभारी भाग्यमती पाण्डेय ने कहा कि सड़क को सदैव जेब्रा क्रासिंग से ही पार करें, इसके अलावा अन्य स्थान पर सड़क पार करते समय दाएं व बाएं अवश्य देख लें। प्रधानाचार्या मुस्लिमा खातून ने छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि यातायात नियम का स्वयं पालन करें तथा अभिभावकों को भी जागरूक करें। इस अवसर पर कक्षा 12 की छात्रा रौनक, कक्षा 9 की जैनब, कक्षा 7 की प्रांजल ने कत्थक नृत्य भी प्रस्तुत किया।  

अल्का पाण्डेय, सबाना, रीता देवी, खालिदा परवीन, हेमलता, संगीता, प्रेमलता, सावित्री उपाध्याय, मु. फातिमा आदि अध्यापिकाएं उपस्थित रहीं। डॉ. आरजीएस पब्लिक कान्वेंट इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में नगर थाना प्रभारी धर्मेन्द्र कुमार तिवारी ने कहा कि बिना हेलमेट एवं सीट बेल्ट चालान के डर से नहीं, बल्कि अपनी स्वयं की सुरक्षा हेतु लगाएं। आज के समय में सड़क दुर्घटना में होने वाली मौतें किसी भी तरह की होने वाली मौतों से कहीं अधिक हैं।  

बिना हेलमेट के न चलाएं वाहन
उन्होंने कहा कि व्यक्ति का जीवन बहुमूल्य होता है, इसे किसी भी प्रकार की लापरवाही कर खतरे में नहीं डाला जाना चाहिए। प्रत्येक माता-पिता अभिभावक द्वारा अपने बच्चों को यातायात के नियमों का पालन करने की शिक्षा अवश्य देनी चाहिए। कहा कि बच्चे इस बात की शपथ लें कि वे अपने अभिभावक, माता-पिता, भाई-बहन आदि किसी को भी बिना हेलमेट के दो पहिया वाहन तथा बिना सीट बेल्ट के चार पहिया वाहन नहीं चलानें देगें, उनसे यातायात नियमों का पालन करने के लिए कहेंगे। इस दौरान छात्र, शिक्षक व अन्‍य मौजूद रहे। 

            रुधौली बस्ती से अजय पांडे की रिपोर्ट

No comments: