Aug 4, 2022

एंबुलेंस गड्ढे में फंसी, महिला ने बच्चे को दिया जन्म

 दुबौलिया ब्लॉक क्षेत्र के एक गांव से बुधवार को प्रसव पीड़िता को 102 एम्बुलेंस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर विषेशरगंज लेकर जा रही थी, अस्पताल जाने वाला सड़क काफी खराब होने के कारण एंबुलेंस गड्ढे में फंस गई। काफी मशक्कत के बाद एम्बुलेंस को नहीं निकाला जा सका। एम्बुलेंस में मौजूद गर्भवती ने गाड़ी में ही बच्चे को जन्म दे दिया।

ब्लॉक क्षेत्र के सांडपुर गांव निवासी विजय की पत्नी सरिता को प्रसव पीड़ा होने पर गांव की आशा रीना ने 102 एंबुलेंस को बुलाया वह परिवार के लोगों के साथ मरीज को लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर विशेषरगंज जा रही थी। अस्पताल जाने वाली सड़क काफी खराब होने के कारण अस्पताल से लगभग दो सौ मीटर पहले ही गाड़ी गड्ढे में फंस गई। चालक ने गाड़ी को निकालने की काफी कोशिश की लेकिन वह नाकाम रहा।


महिला को प्रसव पीड़ा अधिक होने पर इसकी सूचना अस्पताल स्टॉफ को दी गई। सूचना पर डॉ. डीके चौधरी, स्टॉफ नर्स सुनीता वर्मा एवं दाई वहां पहुंची और गाड़ी के अंदर ही सुरक्षित प्रसव कराया। जिसके बाद पैदल ही जच्चा-बच्चा को अस्पताल लेकर पहुंची।


डॉ. चौधरी ने बताया कि अस्पताल जाने वाला मार्ग बरसात के कारण बहुत खराब हो गया है। हालत यह है कि अस्पताल तक न तो एम्बुलेंस पहुंच पा रही है और न स्टॉफ गाड़ी लेकर पहुंच पा रहा है। मरीज को एम्बुलेंस से 500 मीटर पहले ही उतारना पड़ता है। मरीज पैदल अस्पताल तक आते हैं।

रूधौली बस्ती से अजय पांडेय की रिपोर्ट ।

No comments: