Aug 19, 2022

आज आधी रात को जन्मेंगे कान्हा, होगा मंगलगान

भाद्रपद का अष्टमी शुक्रवार को है। जिले में जन्माष्टी का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। इसी दिन आधी रात को कन्हैया जन्मेंगे। लोग मंगलगान करेंगे। हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल से वातावरण गुंजायमान हो जाएगा। पुलिस लाइन, जीआरपी और आरपीएफ पोस्ट बस्ती पर भव्य आयोजन होगा। कार्यक्रम की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। ज्योतिषाचार्य पं. विनोद मिश्र के मुताबिक गुरुवार की आधी रात से अष्टमी शुरू होकर शुक्रवार की रात एक बजे तक रहेगी। श्रद्धालु शुक्रवार को ही व्रत रहेंगे।      
श्रीकृष्ण जनमाष्टमी को लेकर शहर से लेकर गांवों तक उल्लास का माहौल है। गुरुवार को कन्हैया के सजावटी सामानों की खरीदारी भी लोग बाजार में करते दिखे। उनके श्रृंगार से जुड़े कपड़े, माला, कुंडल समेत अन्य सामानों की खरीदारी महिलाएं और पुरुषों ने की। पुरानी बस्ती के पांडेय बाजार, मंगल बाजार, करुआबाबा पर साज-सज्जा के सामग्री वाली सजी दुकानों पर भीड़ दिखी। गांधीनगर पक्के बाजार, फव्वारा तिराहा, कंपनीबाग में भी दुकानें सजी हैं।

पुलिस लाइन में शुक्रवार की शाम साढ़े सात बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम, रात बारह बजे जन्मोत्सव और सवा बारह बजे प्रसाद वितरण होगा। एसपी आशीष श्रीवास्तव समेत अन्य लोग मौजूद रहेंगे। इसी क्रम में जीआरपी पोस्ट बस्ती पर प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार शर्मा के नेतृत्व में आयोजन होगा। आरपीएफ पोस्ट बस्ती पर जवान देर शाम तक मंदिर की सजावट में जुटे रहे।   
गनेशपुर नगर पंचायत के चैनपुर में 45 सालों से कन्हैया की झांकी सजती है। पूरी रात श्रद्धालु झूमते हैं। मंगल बाजार, करुआ बाब मंदिर, जनता होटल पर भी झांकी सज रही है। श्रीराम जानकी मंदिर कुदरहा में साफ-सफाई से लेकर सजावट का कार्य किया जा रहा है। फूल से मंदिर को सजाया गया है। प्रकाश की व्यवस्था की गई है। महंथ संतराम दास महाराज ने बताया कि मंदिर में 20 अगस्त को जन्माष्टमी मनाई जाएगी। शनिवार को जौनपुर के प्रख्यात आल्हा सम्राट गायक फौजदार सिंह व उनके सहयोगियों द्वारा वीर रस का आल्हा गायन होगा।     
रुधौली बस्ती से अजय पांडे की रिपोर्ट

No comments: