Sep 17, 2026

गोण्डा में मॉक एक्सरसाइज का होगा आयोजन

गोण्डा - उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण, लखनऊ द्वारा निर्गत निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद गोण्डा में भूकम्प, औद्योगिक (रासायनिक) दुर्घटना एवं अग्नि सुरक्षा विषयों पर राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज का आयोजन दिनांक 18 सितम्बर, 2026 को प्रातः 10:00 बजे किया जाएगा।

मॉक एक्सरसाइज का मुख्य उद्देश्य आपदा एवं आकस्मिक परिस्थितियों में विभिन्न विभागों की तत्काल प्रतिक्रिया क्षमता, आपसी समन्वय, राहत एवं बचाव कार्यों की तत्परता तथा Incident Response System (IRS) के प्रभावी क्रियान्वयन का परीक्षण करना है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनपद की विभिन्न तहसीलों में अलग-अलग आपदा परिदृश्यों के आधार पर मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। तहसील सदर में भारत पेट्रोलियम डिपो, बहराइच रोड, गोण्डा में औद्योगिक (रासायनिक) दुर्घटना, तहसील मनकापुर में ए.पी. इण्टर कॉलेज, मनकापुर बाजार में भूकम्प तथा तहसील करनैलगंज में तहसील परिसर में अग्निकाण्ड एवं अग्नि सुरक्षा से संबंधित परिदृश्य पर अभ्यास कराया जाएगा।

मॉक एक्सरसाइज के दौरान संबंधित उपजिलाधिकारी नोडल अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे तथा पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, राजस्व, आपदा प्रबन्धन, चिकित्सा एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए घटना की सूचना प्राप्ति, त्वरित प्रतिक्रिया, बचाव, घायलों को प्राथमिक उपचार एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, सुरक्षित निकासी तथा राहत कार्यों का अभ्यास कराया जाएगा।

जिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि मॉक एक्सरसाइज को वास्तविक आपदा की स्थिति के अनुरूप पूर्ण गंभीरता एवं आपसी समन्वय के साथ संचालित किया जाए। साथ ही अभ्यास के दौरान सामने आने वाली कमियों एवं चुनौतियों को चिन्हित करते हुए उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

मॉक एक्सरसाइज के माध्यम से जनपद की आपदा प्रबन्धन एवं त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली की तैयारियों का परीक्षण करने के साथ-साथ विभिन्न विभागों की कार्यक्षमता एवं समन्वय को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि वास्तविक आपदा की स्थिति में जन-धन की सुरक्षा तथा राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी एवं त्वरित रूप से संचालित किया जा सके।

No comments: