मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद बना महिलाओं के लिए न्याय का सशक्त मंच, शिकायतों पर आयुक्त ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
महिलाओं की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित, शक्ति संवाद में पहुंचे मामलों पर एक सप्ताह में आख्या तलब
दहेज उत्पीड़न से लेकर पारिवारिक विवाद तक, मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद में मिली महिलाओं की शिकायतों को मिली प्राथमिकता
गोण्डा - मंडलायुक्त कार्यालय में आयोजित मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद कार्यक्रम महिलाओं की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण का सशक्त माध्यम बन रहा है। सोमवार को आयोजित संवाद कार्यक्रम में 37 महिलाओं ने आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल के समक्ष अपनी समस्याएं एवं शिकायतें प्रस्तुत कीं। आयुक्त ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर जांच कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार फोटोग्राफ सहित आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने कहा कि शक्ति संवाद कार्यक्रम के दौरान प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रत्येक शिकायत का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायत के निस्तारण से पूर्व शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित कर उसकी संतुष्टि भी सुनिश्चित की जाए।
सोमवार को आयोजित संवाद कार्यक्रम में मोहल्ला मालवीय नगर निवासी दुर्गा पाण्डेय ने अपनी दुधमुंही बच्ची एवं पांच वर्षीय पुत्र को वापस दिलाए जाने संबंधी शिकायत प्रस्तुत की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आयुक्त ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित थाना को आवश्यक जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा शीघ्र आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
कार्यक्रम में मनकापुर थाना क्षेत्र के ग्राम मिश्रौलिया बनकटवा निवासी शहनाज बानो ने पति मोहम्मद कलीम एवं सास साजिदा पर दहेज को लेकर प्रताड़ित करने, मारपीट करने तथा घर से निकालने का आरोप लगाया। प्रार्थिनी ने बताया कि विवाह के बाद से लगातार उत्पीड़न किया गया। आरोप है कि 1 जून 2026 को पति ने बच्चों को उससे अलग कर घर से निकाल दिया और वापस आने पर जान से मारने की धमकी दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रकरण थानाध्यक्ष मनकापुर को भेजते हुए 5 दिवस में आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
*सुलह समझौता से हुआ समाधान*
वहीं रानीपुरवा (जानकी नगर) निवासी मनूप्रिया ने अपने घर के मार्ग पर बने नाली के चैम्बर को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के उपरांत पुलिस एवं प्रशासन की पहल पर दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से सुलह-समझौता हो गया। शिकायतकर्ता ने भी दूरभाष पर पुष्टि करते हुए बताया कि उनकी समस्या का समाधान हो चुका है तथा अब वह किसी अतिरिक्त कार्रवाई की इच्छुक नहीं हैं।
*राशन की समस्या का हुआ समाधान*
विगत शक्ति संवाद कार्यक्रमों में प्राप्त कई शिकायतों का सफलतापूर्वक निस्तारण कराया जा चुका है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत मिश्रौलिया कानूनगो निवासी मीना पत्नी बब्लू चौहान ने अपने पात्र गृहस्थी राशन कार्ड में परिवार के छूटे हुए सदस्यों के नाम शामिल किए जाने की मांग रखी थी। आयुक्त के निर्देश पर जिला पूर्ति विभाग ने आवश्यक कार्यवाही करते हुए राशन कार्ड में छूटे हुए सदस्यों के नाम सम्मिलित कर दिए, जिससे शिकायतकर्ता की समस्या का समाधान हो गया।
आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद का उद्देश्य महिलाओं की समस्याओं को सुनकर उनका समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है, जिससे महिलाओं को त्वरित न्याय एवं राहत मिल सके।
No comments:
Post a Comment