Apr 2, 2026

साढ़े तीन महीने बाद लापता युवक का कुंऐ में शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका



114 दिन बाद कुएं से मिला युवक का कंकाल, परिजनों में मचा कोहराम

गोण्डा - जिले के बालपुर क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब करीब पौने चार महीने से लापता युवक का कंकाल कुएं से बरामद हुआ। मृतक की पहचान कटरा बाजार थाना क्षेत्र के नकही डलपुरवा गांव निवासी 35 वर्षीय राहुल उर्फ रिंकू के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राहुल 6 दिसंबर 2025 को घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसी दिन गुमशुदगी दर्ज कराई थी, लेकिन लंबे समय तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। बुधवार को खरगूपुर थाना क्षेत्र के असिधा गांव स्थित एक बाग के कुएं से कंकाल मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और अवशेषों को बाहर निकलवाया। काफी समय तक पानी में पड़े रहने के कारण शव पूरी तरह कंकाल में तब्दील हो चुका था, जिससे पहचान करना मुश्किल था। बाद में परिजनों ने कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान राहुल के रूप में की। पुलिस ने कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, लेकिन अंतिम पुष्टि के लिए डीएनए जांच कराई जा रही है।

परिजनों ने रोका अंतिम संस्कार

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, लेकिन 24 घंटे बीतने के बाद भी परिवार ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। परिजनों का कहना है कि जब तक नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

ग्राम प्रधान समेत तीन पर हत्या का आरोप

मृतक के परिजनों ने गांव के प्रधान गुरु बख्श, गोविंदा और हरिश्चंद्र पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, राहुल के लापता होने से एक दिन पहले इन लोगों ने उसे धमकी दी थी। मृतक के भाई रमेश का कहना है कि इस संबंध में पहले भी शिकायत दी गई थी, लेकिन पुलिस ने समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।

पुलिस की कार्यशैली पर उठे गंभीर सवाल

परिजनों ने आरोप लगाया कि यदि पुलिस ने शुरुआत में ही गंभीरता दिखाई होती, तो शायद राहुल की जान बचाई जा सकती थी। इस मामले को लेकर अब पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं नामजद ग्राम प्रधान ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए इसे साजिश करार दिया है।

पुलिस के मुताबिक जांच जारी, डीएनए रिपोर्ट का इंतजार

थाना प्रभारी विवेक त्रिवेदी के अनुसार, फिलहाल पहचान कपड़ों के आधार पर की गई है। डीएनए रिपोर्ट आने के बाद ही कंकाल की अंतिम पुष्टि हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि परिजन न्याय की मांग को लेकर अड़े हुए हैं।

No comments: