Apr 18, 2026

खलिहान की जमीन से बाबुल का पेड़ काटकर बेचने का आरोप



कटरा बाजार, (गोंडा)। थाना कटरा बाजार क्षेत्र के ग्राम पंचायत गौरवा कला के मजरा शुक्लन पुरवा में खलिहान की सरकारी जमीन पर लगे बाबुल के पेड़ को दबंगों द्वारा चोरी से काटकर बेंच देने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों के अनुसार, बीते 31 मार्च को गांव के ही नारायण पुत्र मलखान और एक ठेकेदार कटहे ने मिलकर खलिहान की जमीन गाटा संख्या 431 व 432 में लगे बाबुल के पेड़ को कटवा दिया। आरोप है कि पेड़ को काटकर लगभग 10 हजार रुपये में बेच दिया गया। चूंकि पेड़ सरकारी भूमि पर स्थित था, इसलिए मामला और गंभीर हो गया है। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने तत्काल राजस्व विभाग को दी। सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कार्रवाई करने के बजाय पेड़ काटने वालों का ही पक्ष लिया, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई। वहीं क्षेत्रीय लेखपाल प्रभात कुमार का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में है। उन्होंने बताया कि खलिहान की जमीन से काटी गई लकड़ी को एक व्यक्ति को सुपुर्द कर दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। इसके बावजूद ग्रामीणों का कहना है कि घटना को लगभग 20 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक दोषियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में सरकारी संपत्ति के साथ इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

No comments: