गोण्डा - जनपद गोण्डा में चकमार्ग/सार्वजनिक चकरोडों को अतिक्रमण से मुक्त कराने हेतु जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के निर्देशानुसार 01 अप्रैल, 2026 से एक व्यापक अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत राजस्व, पुलिस तथा विकास विभाग की संयुक्त टीम निरंतर कार्यवाही करते हुए चकमार्गों को पुनः आमजन के उपयोग हेतु उपलब्ध कराने में जुटी हुई है।
अभियान के अब तक के परिणाम अत्यंत उत्साहजनक रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील सदर गोण्डा में 42 चकमार्ग, तहसील तरबगंज में 53 चकमार्ग, तहसील करनैलगंज में 65 चकमार्ग तथा तहसील मनकापुर में 40 चकमार्ग/सार्वजनिक चकरोड को सफलतापूर्वक अतिक्रमण मुक्त कराया जा चुका है। इस प्रकार कुल मिलाकर बड़ी संख्या में चकमार्गों को खाली कराकर ग्रामीणों एवं किसानों के आवागमन को सुगम बनाया गया है।
जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने इस अभियान को जनहित में अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्थिति में सार्वजनिक मार्गों पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने तथा पारदर्शिता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही यह भी कहा गया है कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
जिलाधिकारी ने जनपद वासियों से अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को चकमार्ग या सार्वजनिक चकरोड से संबंधित कोई शिकायत, आपत्ति अथवा सुझाव हो तो वह इस अभियान के दौरान अपनी बात प्रशासन तक अवश्य पहुंचाएं। प्रशासन द्वारा प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा, जिससे आमजन को त्वरित राहत मिल सके।
यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और जनपद के सभी चकमार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लक्ष्य को पूर्ण किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य है कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुचारू हो, किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने में किसी प्रकार की बाधा न आए तथा सार्वजनिक संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
जनपद प्रशासन द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान न केवल कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करेगा, बल्कि ग्रामीण विकास एवं जनसुविधाओं को भी नई दिशा प्रदान करेगा।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार इस अभियान के संबंध में अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार तथा मुख्य राजस्व अधिकारी श्रीमती रिंकी जायसवाल के द्वारा प्रतिदिन जनपद के उपजिलाधिकारियों से बराबर रिपोर्ट ली जा रही है।
No comments:
Post a Comment