Feb 23, 2026

February 23, 2026

12वीं के छात्र पर हमला,घायल को पुलिस ने कराया अस्पताल में भर्ती

शाहजहांपुर - 12वीं के छात्र के ऊपर जानलेवा हमला हुआ,धारदार हथियार से हुए हमले में छात्र गम्भीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि हमला उस वक्त हुआ जब हिमांशु (छात्र) परीक्षा देकर घर लौट रहा था  पुलिस ने घायल छात्र को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया , मामला चौक क्षेत्र के सिटी कार्ड शोरूम के पास का है।

February 23, 2026

हार्ट अटैक पड़ने से दरोगा की बिगड़ी तबीयत, डॉक्टर ने किया मृत घोषित

बहराइच - हार्ट अटैक से दरोगा हरेंद्र यादव की मौत हो गई, फिलहाल अटैक पड़ने के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक दारोगा हरेंद्र यादव की तैनाती पुलिस लाइन में थी,58 वर्षीय हरेंद्र यादव मूल रूप से गोरखपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे से पुलिस विभाग में फैली शोक की लहर दौड़ गई, घटना कोतवाली देहात क्षेत्र के पुलिस लाइन से जुड़ी है।
February 23, 2026

जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम में संबंधित अधिकारियों को दी गई जानकारी


गोण्डा - कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में जनगणना से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी जनगणना कार्यों को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश एवं विस्तृत जानकारी प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने जनगणना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं है, बल्कि यह शासन की नीतियों, योजनाओं एवं विकास कार्यों की आधारशिला है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना कार्य को पूर्ण गंभीरता, निष्ठा एवं उत्तरदायित्व के साथ संपादित करें। 

प्रशिक्षण अधिकारी द्वारा जनगणना की प्रक्रिया, प्रपत्रों के सही तरीके से संधारण, डिजिटल उपकरणों के उपयोग तथा डेटा की गोपनीयता बनाए रखने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उपस्थित अधिकारियों को जनगणना के दौरान आने वाली संभावित चुनौतियों एवं उनके समाधान के बारे में भी अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे जनगणना कार्य को टीम भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कर जनपद को उत्कृष्ट प्रदर्शन की श्रेणी में लाने में सहयोग प्रदान करें।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, उपजिलाधिकारी तरबगंज, तहसीलदार गोण्डा सदर, तहसीलदार तरबगंज, तहसीलदार मनकापुर, समस्त अधिशासी अधिकारी नगरपालिका एवं नगर पंचायत सहित सभी संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
February 23, 2026

नाबालिग लड़की के साथ छेडछाड़ व अश्लील वीडियो वायरल करने वाले तौफीक को मिली कठोर सजा




गोण्डा - विगत 01जून 2022 को थाना को0 नगर क्षेत्रान्तर्गत रहने वाले एक व्यक्ति द्वारा थाना को0 नगर में लिखित तहरीर दी गयी कि विपक्षीगण अभियुक्त तौफीक आलम पुत्र बुच्ची, बुच्ची पुत्र मजीद, श्रीमती नसरीन पत्नी बुच्ची तथा तैसीफ आलम पुत्र बुच्ची द्वारा वादी की नाबालिग पुत्री (उम्र लगभग 17 वर्ष) को बहला-फुसलाकर उसकी अश्लील फोटो एवं वीडियो बना ली गईं। उक्त आपत्तिजनक सामग्री के आधार पर अभियुक्त तौफीक आलम द्वारा पीड़िता को ब्लैकमेल कर अनुचित कार्य हेतु दबाव बनाया जाता रहा तथा वादी से ₹05 लाख की अवैध मांग की गई। वादी द्वारा धनराशि देने में असमर्थता व्यक्त करने पर अभियुक्त द्वारा फोटो/वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई। दिनांक 29.05.2022 को समय लगभग 11ः00 बजे दिन में वादी समझौते व प्रतिष्ठा की रक्षा हेतु अभियुक्तगण के घर गया, जहां सभी अभियुक्तगण एक राय होकर धन की मांग को लेकर वादी को धमकाने लगे। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जानमाल की धमकी दी गई तथा तत्पश्चात उक्त आपत्तिजनक फोटो/वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिए। वादी की लिखित तहरीर के आधार पर थाना को0 नगर में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। जिसमें थाना को0 नगर पुलिस द्वारा आरोपी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। तत्कालीन विवेचक द्वारा साक्ष्य संकलन व विवेचनात्मक कार्यवाही के उपरान्त अभियुक्त के विरूद्ध आरोप पत्र दिनांक 31.07.2022 को न्यायालय में प्रेषित किया गया।
 
दोषसिद्धि का विवरण
 पुलिस महानिदेशक, उ0प्र0 लखनऊ के आदेश के क्रम एवं पुलिस अधीक्षक गोण्डा के निर्देशन में ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत चिन्हित अपराधों में दोषी अभियुक्तों के विरुद्ध न्यायालय द्वारा अधिकतम/त्वरित दंडात्मक कार्यवाही हेतु जनपदीय पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है जिसके क्रम मे आज दिनांक 23.02.2026 को उक्त अभियोग में अपर सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश पाक्सो एक्ट निर्भय प्रकाश द्वारा मॉनिटरिंग सेल, अभियोजक सुनील मिश्रा, कोर्ट मोहर्रिर म0का0 वंदना, थाना को0 नगर के पैरोकार का0 बृजेश यादव की प्रभावी पैरवी के फलस्वरुप दोषी अभियुक्त तौफीक आलम को 5 वर्ष का सश्रम कारावास व 35,000/- के अर्थदण्ड, अभियुक्त बुच्ची को 2 वर्ष का सश्रम कारावास व 15,000/- के अर्थदण्ड व अभियुक्ता नसरीन बानों को 02 वर्ष का कारावास व 5,000/- के अर्थदण्ड से दण्डित किया गया है।

अभियुक्तगण का नाम पता
01. तौफीक पुत्र बुच्ची नि0 घोसियाना केशवपुर पहाड़वा थाना को0 नगर जनपद गोण्डा।
02. बुच्ची पुत्र मजीद नि0 घोसियाना केशवपुर पहाड़वा थाना को0 नगर जनपद गोण्डा।
03. नसरीन बानों पत्नी बुच्ची नि0 घोसियाना केशवपुर पहाड़वा थाना को0 नगर जनपद गोण्डा।

पंजीकृत अभियोग
01. मु0अ0सं0-365/2022, धारा 354,354सी,504,506,389 भादवि व 7/8 पाक्सो एक्ट व 66 आई0टी0 एक्ट थाना को0 नगर जनपद गोण्डा।  
February 23, 2026

देवीपाटन मंडल मुख्यालय पर आयोजित शक्ति संवाद, पीड़ित महिलाओं को न्याय का भरोसा



माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद में महिलाओं की समस्याओं पर आयुक्त सख्त, त्वरित निस्तारण के निर्देश*

माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद में आयुक्त ने सुनी महिलाओं की समस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

महिला जनसुनवाई में 12 प्रकरणों  पर हुआ सुनवाई, पुलिस व राजस्व अधिकारियों को कार्रवाई के आदेश


महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता : माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद में आयुक्त

गोण्डा - सोमवार को मुख्यालय स्थित मंडलायुक्त कार्यालय में आयुक्त है की अध्यक्षता में माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महिलाओं हेतु प्रत्येक सोमवार आयोजित होने वाली इस विशेष जनसुनवाई में कुल 12 महिलाओं ने प्रतिभाग किया और अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक व कानूनी समस्याओं को सीधे आयुक्त के समक्ष रखा। आयुक्त ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही वार्ता की और प्रत्येक मामले में नियमानुसार त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र की निवासी मीरा देवी ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि वह अपनी बेटी के साथ गांव में अकेली रहती हैं, जबकि उनके पति रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं। इस स्थिति का लाभ उठाकर गांव के कुछ लोगों द्वारा उनके साथ कई बार गाली-गलौज, मारपीट, जान से मारने की धमकी तथा एक घटना में अर्धनग्न करने का प्रयास किया गया। पीड़िता ने बताया कि विभिन्न तिथियों पर हुई घटनाओं की शिकायत स्थानीय थाने में दी गई, परंतु पुलिस द्वारा न तो प्राथमिकी दर्ज की गई और न ही चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। इस पर आयुक्त ने पुलिस अधिकारियों को प्रकरण का परीक्षण कर तत्काल आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

एक अन्य मामले में श्रावस्ती जनपद के भिनगा क्षेत्र की महिला ने अपने पति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु का मामला उठाया। पीड़िता ने बताया कि दिसंबर 2025 में गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा उनके पति को बुलाकर ले जाया गया, जिसके बाद उन्हें अर्धमृत अवस्था में सड़क किनारे छोड़ दिया गया। उपचार के दौरान तीन दिन बाद उनकी मृत्यु हो गई। प्रारंभ में इसे दुर्घटना समझकर अंतिम संस्कार कर दिया गया, किंतु बाद में हत्या की आशंका और धमकियों की जानकारी सामने आई। पीड़िता द्वारा थाने से लेकर उच्चाधिकारियों तक प्रार्थना-पत्र देने के बावजूद कार्यवाही न होने की शिकायत पर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष जांच कर विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में करनैलगंज क्षेत्र की एक बेवा, गरीब एवं असहाय महिला ने धोखाधड़ी का प्रकरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि केवाईसी कराने के बहाने उन्हें तहसील ले जाकर नशीला पदार्थ पिलाया गया और उनकी बेशकीमती भूमि का कूटरचित बैनामा करा लिया गया। इस संबंध में थाने में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अभियुक्तों की गिरफ्तारी न होने से वे भयभीत हैं और लगातार धमकियां मिल रही हैं। आयुक्त ने पुलिस को अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा पीड़िता की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसी क्रम में तरबगंज क्षेत्र की निवासी पम्मी तिवारी ने बैनामे की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि राजस्व टीम द्वारा दो बार नाप कराए जाने के बाद भी विपक्षी कब्जा हटाने को तैयार नहीं हैं और निर्माण कार्य में बाधा डाल रहे हैं। इस पर आयुक्त ने राजस्व व पुलिस विभाग को समन्वय स्थापित कर मौके पर कब्जा हटवाने तथा प्रार्थिनी को निर्माण कार्य हेतु सुरक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और पीड़ित महिलाओं को हर संभव सहायता प्रदान की जाए। कार्यक्रम के अंत में आयुक्त ने महिलाओं से अपील की कि वे बिना संकोच अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि उनका त्वरित समाधान किया जा सके।
February 23, 2026

त्यौहारों के दृष्टिगत जनपद में सोशल मीडिया एवं फर्जी अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस व प्रशासन की रहेगी नजर



गोण्डा - आगामी आयोजित होने वाले होली एवं अन्य त्योहारों को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी है। जहां लोग त्योहार को लेकर उत्साहित हैं। वहीं पुलिस और प्रशासन ने भी कमर कस ली है। इसी के तहत त्योहार पर शांति व्यवस्था व आपसी सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य सोमवार को जिला पंचायत सभागार में सेंट्रल पीस कमेटी की मीटिंग की गई। बैठक जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल, अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी एवं पूर्वी तथा समस्त उपजिलाधिकारीगण एवं पुलिस क्षेत्राधिकारीगण व सभी थानाध्यक्षगण, सभी धर्मों के धर्मगुरू और संभ्रांत नागरिकगण मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने बैठक में मौजूद सभी धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों के साथ संवाद करते हुए उन्हें आगामी होली एवं अन्य त्योहारों को शांति पूर्वक मनाने और किसी भी व्यक्ति की धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचाने के बारे में समझाया गया। पुलिस अधिकारियों द्वारा बताया गया कि यदि कोई भी व्यक्ति धार्मिक भावनाएं भड़काने या दुष्प्रचार करने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध कड़ी से कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। सभी लोगों से अपील करते हुए उन्हें समझाया गया कि वह किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। साथ ही किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत पुलिस एवं प्रशासन को सूचना दें। जिससे शांति व्यवस्था बनी रहे और सभी लोग त्योहार को शांति पूर्व ढंग से मना सके।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि युवा या अन्य कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया पर इस प्रकार की पोस्ट ना करें जिससे कि आपसी माहौल बिगड़े। 
बैठक में अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी एवं पश्चिमी, समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त पुलिस क्षेत्राधिकारी, समस्त थानाध्यक्ष, सभी धर्मों के धर्मगुरु सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
February 23, 2026

घर में लगी आग, मासूम की जलकर मौत, मचा कोहराम

मेरठ - घर में आग लगने से मासूम की मौत हो गई,
3 माह के मासूम की जलकर दर्दनाक मौत से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि जलती मोमबत्ती बिस्तर पर गिरने से हादसा हुआ,मासूम की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। आग लगने से घरेलू सामान भी जलकर राख हो गया, मामला सरूरपुर के पांचली बुजुर्ग गांव का है ।