करनैलगंज /गोण्डा - कर्नलगंज- कटरा रोड पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर शुक्रवार शाम उपभोक्ताओं को भारी अव्यवस्था और मनमानी का सामना करना पड़ा। पेट्रोल लेने पहुंचे लोगों को लंबे समय तक इंतजार कराने के बाद भी पेट्रोल नहीं दिया गया, जिससे लोगों में नाराजगी देखी गई।
कर्नलगंज कस्बे के रहने वाले एक बाईक सवार युवक ने बताया कि वह शुक्रवार शाम करीब 7 बजे पेट्रोल भरवाने के लिए कर्नलगंज से कटरा रोड पर शहीद मर्द मजार के आगे रेलवे क्रॉसिंग के उस पार भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि कर्मचारियों ने केवल 3-4 लोगों को पेट्रोल दिया और उसके बाद अचानक आपूर्ति रोक दी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय पेट्रोल भरने के लिए केवल एक ही कर्मचारी मौजूद था। कुछ देर बाद वही कर्मचारी पेट्रोल डालने वाली मशीन को बंद कर मैनेजर के केबिन में चला गया, जहां वह काफी देर तक रुका रहा और वहां पर पैसों का लेन-देन होता रहा। इस दौरान बाकी उपभोक्ता बाहर खड़े इंतजार करते रहे।
करीब 10-15 मिनट बाद जब कर्मचारी और मैनेजर बाहर आए तो उन्होंने खुद पंप के बाहर खड़े होकर आने वाले ग्राहकों को यह कहकर वापस भेजना शुरू कर दिया कि “पेट्रोल खत्म हो गया है, सुबह आना।” बाईक सवार के मुताबिक, वह अपनी मजबूरी के चलते वहीं रुके रहे क्योंकि उन्हें कौड़िया बाजार में एक निमंत्रण कार्यक्रम में जाना था। उन्होंने बताया कि वह करीब 30-40 मिनट तक पेट्रोल पंप पर खड़े होकर इंतजार करते रहे, लेकिन उन्हें पेट्रोल नहीं मिल सका और अंततः वह कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाए। इसी दौरान जब अन्य उपभोक्ताओं ने भी कर्मचारियों से जानकारी ली, तो उन्हें भी अलग-अलग समय पर अलग-अलग जवाब दिए गए। करीब 7:30 बजे एक व्यक्ति को बताया गया कि पेट्रोल एक घंटे बाद मिलेगा, जबकि अन्य लोगों को सीधे मना कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कर्मचारियों का रवैया पूरी तरह उदासीन रहा और किसी की समस्या या मजबूरी को गंभीरता से नहीं लिया गया। सबसे गंभीर बात यह रही कि पेट्रोल मापने वाली मशीन (डिस्प्ले) को भी बंद कर दिया गया, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस कारण वहां मौजूद लोगों का समय बर्बाद हुआ और उन्हें मानसिक व आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की जांच कर संबंधित पेट्रोल पंप के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को इस तरह की परेशानी से बचाया जा सके।
जनता का सवाल:
आखिर कब तक आम लोगों को इस तरह की लापरवाही और मनमानी का शिकार होना पड़ेगा? स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की जांच कर संबंधित पेट्रोल पंप के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को इस तरह की परेशानी से बचाया जा सके।
No comments:
Post a Comment