Mar 25, 2023

FPO से जुड़े किसानों को हैदराबाद का करेंगे भ्रमण

बस्ती ।  के श्रीअन्न को बढ़ावा देने के लिए जनपद के कृषि उत्पादक संगठन (एफपीओ) के किसानों को भारतीय मिलेट संस्थान, हैदराबाद का भ्रमण कराया जाएगा। मोटा अनाज उत्पादन के लिए महिला स्वयं सहायता समूह को भी प्रशिक्षित किया जाएगा। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय परियोजना प्रबंधन इकाई एवं जनपद स्तरीय मॉनिटरिंग समिति की बैठक को संबोधित करते हुए डीएम प्रियंका निरंजन ने कृषि विभाग को निर्देशित किया।  

           जिलाधिकारी ने कहा कि इस वर्ष को मिलेट वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसकी सफलता के लिए मोटे अनाज के उत्पादन पर विशेष बल दिया जा रहा है। मोटे अनाज के प्रोसेसिंग के लिए यूनिट स्थापना के लिए एफपीओ आगे आए। इसके लिए दक्षिण भारत से मशीन मंगाई जाएगी, उस पर नाबार्ड द्वारा ऋण एवं अनुदान भी दिलाया जाएगा। उपनिदेशक कृषि को निर्देशित किया कि सांवा, कोदो, जौ, बाजरा, मडुआ एवं अन्य अनाजों के प्रोसेसिंग के लिए मशीन के बारे में जानकारी प्राप्त कर एफपीओ को अवगत कराएं।  

समीक्षा में पाया कि जनपद में 82 एफपीओ संचालित हैं, लेकिन इसमें से सिर्फ 60 का पंजीकरण शक्ति पोर्टल पर हो पाया है। अवशेष 22 एफपीओ को तत्काल इस पोर्टल पर विवरण अपलोड करने का निर्देश दिया। कहा कि एफपीओ द्वारा किसानों की संख्या तथा कृषक अंश बढ़ाया जाए। घाघरा नदी के किनारे खस की खेती को बढ़ावा देने के लिए भी एफपीओ का आह्वान किया। कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा उन्नतशील खस उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

उपनिदेशक कृषि अनिल कुमार ने बताया कि कृषि बीज गोदाम के केंद्रों पर शंकर मक्का का बीज 90 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध है। बैठक में डीडीओ अजीत श्रीवास्तव, मंजू सिंह, आरएन मौर्य, संदीप वर्मा, नितेश सिंह, मनीष कुमार, कृषि वैज्ञानिक डॉ. वीबी सिंह, एफपीओ के डायरेक्टर उपस्थित रहे।  

           रुधौली बस्ती से अजय पांडेय की रिपोर्ट 

No comments: