Sep 20, 2025

आयुर्वेद और योग विषय पर आयोजित हुई गोष्ठी

गोण्डा - राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में महर्षि चयवन मुनि इंटर कॉलेज, सुभागपुर में आयुर्वेद और योग के विषय में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ अमित सिंह ने बहुत सरल भाषा में आयुर्वेद के विषय में प्रकाश डालते हुए कहा कि प्राचीन काल से  ही आयुर्वेद भारतीय जनमानस में दैनिक जीवन में उपयोग किया जाता रहा है, प्रातः जागरण से रात्रि तक, रसोई से लेकर पूजा पाठ एवं रोग निदान में आयुर्वेद और योग के योगदान को देखा जा सकता है। गोष्ठी में योग वेलनेस सेंटर, CHC पंडरी कृपाल के योग प्रशिक्षक अंजनी कुमार दुबे ने कहा कि आयुर्वेद आयु के रक्षण हेतु हित, अहित पदार्थ तथा व्यधियों के उपचार की वैज्ञानिक विधा है, आयुर्वेद प्राकृतिक आपदाओं के निवारण का मार्ग प्रशस्त करता है, योग और आयुर्वेद के अंतर सम्बन्ध के विषय में प्रकाश डालते हुए कहा कि आयुर्वेद विशेषज्ञ बनने के लिए योग साधना अत्यंत आवश्यक है क्योंकि कहा गया है कि वैद्य एक दैवज्ञ होता है, दैवज्ञ बनने के लिए योग साधना करना होगा। आयुर्वेद के प्रसिद्ध ग्रन्थ भाव प्रकाश निघँटु, चरक संहिता, द्रव्य गुणविज्ञान, सुश्रुत संहिता, भेषज्य रत्नावली, वनौषधिशतक आदि ग्रंथो की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। योग प्रशिक्षक अंजनी कुमार दुबे द्वारा विद्यार्थियों को योग का क्रियात्मक अभ्यास भी कराया गया। इस गोष्ठी में योग शिक्षक ऋचा पाण्डेय, प्रबंधक राम किशोर वर्मा, प्रधानचार्य श्रीमती सरोज पाठक, सहायक अध्यापक अंकित कुमार तिवारी, सहायक अध्यापिका अंकांक्षा मिश्रा, स्नेहलता शुक्ला गरिमा उपस्थिति रही।

No comments: