Mar 4, 2026

अज्ञात वाहन ने अधेड़ व्यक्ति को मारी टक्कर, रेफर, हालत गंभीर

गोण्डा-लखनऊ हाईवे पर हादसे में अधेड़ घायल, हालत गंभीर

करनैलगंज/गोण्डा - कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र अंतर्गत गोंडा-लखनऊ हाईवे पर बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार चौरी चौराहे से मैजापुर के बीच शिव शंकर पुरवा नहर के पास एक अज्ञात चौपहिया वाहन ने अधेड़ व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि व्यक्ति गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना की सूचना पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। परिजनों ने एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन समय पर एंबुलेंस न पहुंचने के कारण घायल को मोटरसाइकिल से ही तत्काल गोंडा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घायल की पहचान परसा गोड़री ग्राम पंचायत के दर्शन तिवारी पुरवा निवासी नकछेद तिवारी के पुत्र मुन्नू के रूप में हुई है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर बढ़ते सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

No comments: