Mar 13, 2026

एसपी ने पुलिस भर्ती परीक्षा के दृष्टिगत लिया जायज, गलत गतिविधि व अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

 
गोण्डा - पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड लखनऊ द्वारा आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 के दृष्टिगत जनपद गोण्डा स्थित टॉपसन कॉलेज परीक्षा केन्द्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा परीक्षा केन्द्र परिसर, प्रवेश द्वार, परीक्षा कक्षों, अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था तथा अभ्यर्थियों की चेकिंग/फ्रिस्किंग व्यवस्था का गहनता से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा केन्द्र व्यवस्थापक एवं ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कर ली जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्रों पर प्रवेश के समय प्रत्येक अभ्यर्थी की एच0एच0एम0डी0 के माध्यम से चेकिंग/फ्रिस्किंग की जाए तथा किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, अनुचित सामग्री या प्रतिबंधित वस्तु को परीक्षा केन्द्र में ले जाने की अनुमति न दी जाए।
उक्त उ0नि0 नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 जनपद गोण्डा में दिनांक 14.03.2026 एवं 15.03.2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में सम्पन्न होगी, जिसमें प्रथम पाली पूर्वान्ह 10ः00 बजे से 12ः00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपरान्ह 03ः00 बजे से 05ः00 बजे तक आयोजित होगी। जनपद में कुल 14 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा आयोजित होना सुनिश्चित है, जिनमें लगभग 19,200 अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे। परीक्षा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त परीक्षा केन्द्रों के आस-पास संदिग्ध व्यक्तियों/गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा आवश्यकतानुसार भ्रमणशील पुलिस टीमें भी लगातार क्षेत्र में गश्त करती रहेंगी। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु भी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं, जिससे अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। एसपी द्वारा सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अफवाह अथवा अनुचित गतिविधि को तत्काल संज्ञान में लेते हुए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, जिससे परीक्षा को पूर्ण सुरक्षा एवं पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराया जा सके।

No comments: