Dec 18, 2022

निराश्रित गोवंशो का मामला,खानापूर्ति पर डीएम का कड़ा रुख,जिम्मेदारों को चेतावनी

गोण्डा - सड़क पर घूम रहे और दुर्घटनाओं का कारण बन रहे निराश्रित गोवंश को गौआश्रय स्थलों पर संरक्षित कराने के लिए डीएम ने जिम्मेदारों को एक बार फिर कड़ा निर्देश दिया है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत,समस्त अधिशासी अधिकारी व बीडीओ को भेजे गए पत्र में डीएम ने कहा है कि निराश्रित गौवंशो को आश्रय स्थलों में संरक्षित कराते हुए उनकी उपयुक्त सुनिश्चित करने के विषय में शासन स्तर से निरन्तर निर्देश प्राप्त रहे तथा उच्च स्तर से नियमित रूप से समीक्षा की जाती है। परन्तु आपके द्वारा उपरोक्त कार्य को गंभीरतापूर्वक सम्पादित न किए जाने के कारण जनपद मुख्यालय सहित प्रमुख मार्गों / कस्बों में निराश्रित गोवंश विवरण करते हुए पाए जा रहे हैं जिनके कारण प्रायः दुर्घटनाएं होने की सूचना प्राप्त होती है। कई बार सांड द्वारा लोगों को गंभीर रूप से घायल करने के प्रकरण भी प्रकाश में आए हैं जिससे लोगों में असुरक्षा एवं भय की भावना परिलक्षित हो रही है। अतः इस समस्या के समाधान हेतु लगातार प्रभावी अभियान चलाकर गौवंश को आश्रय स्थलों में पहुंचाकर संरक्षित कराया जाना नितांत आवश्यक है। शासन के कड़े निर्देश के बावजूद भी जिम्मेदारों द्वारा की जा रही खानापूर्ति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए डीएम ने निर्देश दिया है कि संयुक्त अभियान चलाकर नगर सहित जिले के प्रमुख कस्बों / मुख्य मार्गों / क्षेत्र में निराश्रित गोवंश के विचरण पर प्रभावी अंकुश लगाना सुनिश्चित करें। डीएम ने चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि इस अभियान मे किसी भी स्तर पर उदासीनता व लापरवाही अथवा टालमटोल किए जाने पर सम्बधित अधिकारी के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी।

No comments: