Aug 18, 2026

जनता दर्शन में शिकायतकर्ताओं ने उपस्थित होकर बताई राशन कार्ड की समस्या, डीएम ने दिलाया लाभार्थियों को राशन कार्ड


गोण्डा - कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन के दौरान विकासखण्ड झंझरी के ग्राम इमरती विसेन निवासी बीनू सिंह पत्नी संतोष सिंह, रेशमा पत्नी मोहम्मद असलम, संगीता पत्नी कृष्ण कुमार पाण्डेय एवं मौना देवी पत्नी सालिकराम ने जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के समक्ष उपस्थित होकर अपनी समस्या रखी। शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि उनके परिवारों में आय का कोई नियमित जरिया नहीं है, जिसके कारण उन्हें परिवार के भरण-पोषण में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने पात्रता के आधार पर राशन कार्ड जारी किए जाने का अनुरोध किया।

शिकायतकर्ताओं की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया और जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी आवेदकों की पात्रता की जांच कर नियमानुसार राशन कार्ड जारी करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा संबंधित सभी लाभार्थियों की पात्रता की जांच की गई।

पात्रता जांच में नियमानुसार योग्य पाए जाने के बाद चारों लाभार्थियों के राशन कार्ड तैयार कराए गए। इसके उपरांत कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन द्वारा बीनू सिंह, रेशमा, संगीता एवं मौना देवी को राशन कार्ड उपलब्ध कराए गए। राशन कार्ड प्राप्त होने पर लाभार्थियों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनता दर्शन का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करना है। पात्र लोगों को शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

इस अवसर पर एआरओ खाद्य एवं रसद विभाग शिव प्रकाश त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments: