Jul 19, 2026

कोदही-कनेरा संपर्क मार्ग बना तालाब, 7 साल से बदहाल सड़क पर राहगीरों का चलना मुश्किल

 कोदही-कनेरा संपर्क मार्ग बना तालाब, 7 साल से बदहाल सड़क पर राहगीरों का चलना मुश्किल

बहराइच। जिले के विकास खंड फखरपुर क्षेत्र के कोदही से कनेरा बाजार को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग इन दिनों पूरी तरह तालाब में तब्दील हो गया है। सड़क पर जलभराव और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण राहगीरों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि करीब सात वर्षों से यह सड़क अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि अब तक इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।स्थानीय दुकानदार निर्मल चौरसिया, ललित चौरसिया, जगदंबा प्रसाद और रोहित चौरसिया ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों का आना-जाना लगभग बंद हो गया है। इसका सीधा असर उनकी दुकानों की बिक्री पर पड़ रहा है, जिससे परिवार का खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया है।ग्रामीणों ने बताया कि कनेरा में प्रत्येक बुधवार और शनिवार को साप्ताहिक बाजार लगता है। इसके अलावा प्रसिद्ध कोटवा धाम मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी इसी जर्जर और जलमग्न सड़क से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या से संबंधित शिकायत कई बार जिम्मेदार अधिकारियों और महसी विधायक सुरेश सिंह से भी की जा चुकी है, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत या निर्माण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराकर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि आम लोगों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।


No comments: