गोण्डा - अयोध्या में झपटमारी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। गोंडा जनपद के करनैलगंज से अयोध्या लौट रही एक महिला चलती बाइक से झपटमारी का शिकार हो गई। बाइक सवार बदमाशों ने महिला के कान से सोने की झुमकी झपट ली, जिससे उनका कान बुरी तरह फट गया। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार गोसाईगंज थाना क्षेत्र निवासी 55 वर्षीय अनीता गुप्ता अपने पति के साथ एक शादी समारोह में शामिल होकर बाइक से घर लौट रही थीं। जैसे ही उनकी बाइक नयाघाट पुल के पास पहुंची, तभी पहले से पीछा कर रहे बाइक सवार दो युवक किसी अन्य वाहन की आड़ लेकर उनके पास पहुंचे और अचानक झपट्टा मारते हुए अनीता गुप्ता के कान से सोने की झुमकी छीन ली।
झुमकी खींचने के दौरान महिला का कान गंभीर रूप से फट गया, जिससे वह मौके पर ही घायल हो गईं। घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल श्रीराम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके कान पर टांके लगाए। फिलहाल महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना से स्तब्ध परिजनों ने नयाघाट पुलिस चौकी पर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल के आसपास जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही झपटमारी करने वाले दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
No comments:
Post a Comment